Connect with us

उत्तराखण्ड

छत्तीसगढ़ प्रेस टूर पर उत्तराखंड के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल

पीआईबी देहरादून की पहल: केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं का करेंगे प्रत्यक्ष अवलोकन

देहरादून/रायपुर, 14 सितंबर 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के लिए उत्तराखंड से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रायपुर पहुंचा। इस अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों का जमीनी स्तर पर प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है।

प्रेस टूर के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार छत्तीसगढ़ में संचालित राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और संस्थानों का दौरा करेंगे। प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी एवं बीएएलसीओ (BALCO) कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय तथा सिरपुर का भ्रमण करेगा। इसके अलावा पत्रकार स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का भी अवलोकन करेंगे तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट प्रस्तावित है।

पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित इस अध्ययन यात्रा का प्रमुख उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को देश में हो रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से परिचित कराना है। इसके माध्यम से पत्रकार आधारभूत संरचना, ऊर्जा, सौर परियोजनाओं, तकनीकी नवाचार, जनजातीय विकास तथा अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को नजदीक से समझ सकेंगे।

पीआईबी चयनित परियोजना स्थलों पर समय-समय पर ऐसे राष्ट्रीय प्रेस टूर आयोजित करता है, ताकि क्षेत्रीय मीडिया प्रतिनिधियों को केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास गतिविधियों की प्रत्यक्ष जानकारी मिल सके। इससे पत्रकारों को योजनाओं के क्रियान्वयन, उनके प्रभाव और जनहित में उनकी उपयोगिता को समझने का अवसर मिलता है।

पीआईबी देहरादून के छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि अध्ययन यात्रा के माध्यम से राज्य के पत्रकारों को छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न परियोजनाओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन, सटीक एवं प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। ऐसे एक्सपोजर टूर के माध्यम से पत्रकारों को देश की तकनीकी और आधारभूत संरचना से जुड़ी प्रगति को करीब से देखने तथा जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है।

सुंद्रियाल ने बताया कि पीआईबी देहरादून की ओर से इससे पूर्व भी हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम सहित विभिन्न स्थानों पर प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं एवं विकास गतिविधियों से रूबरू कराना और उनके माध्यम से आम जनता तक प्रमाणिक एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page