उत्तराखण्ड
घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की मांग, सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
पार्किंग, सड़क, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर दिया जोर, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
नैनीताल। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल जिले के घोड़ाखाल स्थित प्रसिद्ध श्री गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मंदिर को मिशन में सम्मिलित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया है।
सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि घोड़ाखाल स्थित श्री गोलू देवता मंदिर उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। न्याय के देवता के रूप में विख्यात गोलू देवता के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। यहां उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही देश के अन्य राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल किए जाने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही घोड़ाखाल मंदिर को कैंची धाम, जागेश्वर धाम और प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़कर पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था के विकास पर जोर
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या के अनुरूप क्षेत्र में पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पर्याप्त विकास नहीं हो पाया है। विशेष अवसरों और पर्यटन सीजन के दौरान अधिक भीड़ होने से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग स्थल, सड़क सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य पर्यटक सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई। इन सुविधाओं के विकसित होने से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकेगा।
पहले भी भेजा जा चुका है पत्र
अजय भट्ट ने बताया कि इस विषय में पूर्व में भी पत्र भेजकर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि घोड़ाखाल स्थित श्री गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
सांसद ने उम्मीद जताई कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने से उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ घोड़ाखाल क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विकास को बढ़ावा मिल सकेगा।





