Connect with us

उत्तराखण्ड

ग्राम से ओलंपिक तक खेल प्रतिभाओं को पहुंचाने का मार्ग तैयार करे क्रीड़ा विश्वविद्यालय : राज्यपाल

 

उत्तराखण्ड के स्थानीय खेलों को मिलेगा प्रोत्साहन, प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर खेल सुविधाएं विकसित करने पर जोर

देहरादून, 14 नवम्बर। उत्तराखण्ड में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने की दिशा में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने महत्वपूर्ण पहल पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड क्रीड़ा विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान बनकर न रहे, बल्कि उत्कृष्ट खेल संस्कृति के निर्माण का सशक्त केंद्र बने। विश्वविद्यालय की कार्ययोजना ऐसी होनी चाहिए, जो ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराते हुए ‘ग्राम से ओलंपिक’ तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करे।

शनिवार को लोक भवन, देहरादून में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन की अध्यक्षता में उत्तराखण्ड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रबंध परिषद की दूसरी बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को समय पर पहचानने, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और सही मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने प्रदेश के पारंपरिक एवं स्थानीय खेलों को भी प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिलने पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर मिल सकता है। इसके लिए प्रदेश में खेल संस्कृति की मजबूत नींव रखनी होगी, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित हो। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे गांवों को चिह्नित किया जाए, जहां से विशिष्ट खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आई हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। मिशन ओलंपिक 2036 के लक्ष्य पर विकसित हो रहा विश्वविद्यालय बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति अमित कुमार सिन्हा ने राज्यपाल के समक्ष विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र 29 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में उत्तराखण्ड के दो खिलाड़ी भारतीय दल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की बेहतर भागीदारी और प्रदर्शन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ‘मिशन ओलंपिक 2036’ के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक योजनाओं, प्रशासनिक ढांचे, मानव संसाधन, प्रस्तावित पाठ्यक्रमों और अवस्थापना विकास से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की। शिक्षण एवं प्रशासनिक पदों के सृजन पर हुआ विचार-विमर्श।बैठक में विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए शिक्षण एवं प्रशासनिक पदों के सृजन पर चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद इस संबंध में औचित्य सहित प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने पर सहमति बनाने की दिशा में विचार किया गया।

बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, विश्वविद्यालय की कुलसचिव दीप्ति सिंह सहित बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।।खेल विशेषज्ञता, ग्रामीण प्रतिभाओं की पहचान और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं पर राज्यपाल का जोर प्रदेश में खेलों के भविष्य को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page