उत्तराखण्ड
गांधी-शास्त्री जयंती पर सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संकल्प




गांधी चौक में सर्वधर्म सभा, स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत और प्रिय भजन
पिथौरागढ़, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद पिथौरागढ़ में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, शांति, स्वच्छता, नशामुक्ति तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग की शपथ दिलाई।
गांधी चौक में सर्वधर्म सभा
जिला मुख्यालय के गांधी चौक में मुख्य कार्यक्रम के रूप में सर्वधर्म सभा आयोजित हुई। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई एवं नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को याद किया। वक्ताओं ने समाज में शांति, सद्भाव, स्वच्छता और सामाजिक समरसता स्थापित करने में गांधी जी के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को भी याद किया गया। उनके प्रसिद्ध ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के माध्यम से देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया गया।
सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, जिला शिक्षाधिकारी हिमांशु नौगाईं, गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और गांधी जी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में चरखे से कताई-बुनाई का प्रदर्शन भी किया गया, जिसके माध्यम से स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
स्वच्छकों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
सर्वधर्म सभा के दौरान विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, नगर निगम के स्वच्छकों और वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालयों में प्रभात फेरियों के साथ निबंध लेखन, वाद-विवाद, विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी एवं मेयर ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी शांति, सद्भाव, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के लिए प्रासंगिक हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण एवं संघर्षशील जीवन विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
अस्पतालों और बंदीगृह में फल वितरण
गांधी जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, महिला कार्यशाला एवं बंदीगृह में फल वितरित किए गए। इसके अलावा लंदन फोर्ट में महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई तथा उनके प्रिय भजनों का प्रसारण किया गया।
जनपदभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव, सेवा और राष्ट्रहित जैसे मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

















