उत्तराखण्ड
गांधी जयंती पर स्वच्छता कर्मियों को प्राथमिकता, 31 मार्च 2027 तक लीगेसी वेस्ट के शत-प्रतिशत निस्तारण का लक्ष्य

पीईबी देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखण्ड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों को प्राथमिकता देते हुए अंत्योदय की भावना के साथ स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी ने स्वच्छता कर्मियों के साथ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान देशभक्ति गीतों और महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन भी किया गया।
शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और आदर्शों को साकार करने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि मिशन के अंतर्गत राज्य में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण तथा वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में शेष लीगेसी कचरे के 31 मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के क्षेत्र में उत्तराखण्ड राज्य द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर निदेशक प्रवीण कुमार, निदेशक के सहायक राजीव पाण्डे तथा जगबीर सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छता, जनसेवा और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर निदेशक प्रवीण कुमार, संयुक्त निदेशक अवधेश कुमार, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती प्रवीन कोर, रवि पाण्डे, सहायक निदेशक विनोद कुमार, शान्ति प्रसाद जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालिका प्रसाद भट्ट सहित विभिन्न योजनाओं के विशेषज्ञ, निदेशालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

















