उत्तराखण्ड
गणेश महोत्सव के तीसरे दिन 116 लोगों ने किया रक्तदान

भजन संध्या में भक्तों ने जमकर किया नृत्य, धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
हल्द्वानी। प्राचीन श्री शिव सेवा समिति की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को हैप्पी होम होटल के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर के दौरान कुल 116 लोगों ने रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, आर्मीपाली इंस्टीट्यूट के चेयरमैन संजय ढींगरा, बिंदु मोंगा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पार्षद प्रीति आर्या, कश्मीरी लाल साहनी, प्रदीप कक्कड़, प्रकाश रावत एवं शशांक रावत सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
शिविर में डॉ. विनीता कपूर, पूजा अरोड़ा, हैप्पी अटवाल, धर्मेंद्र साहू, प्रदीप जनौटी सहित कुल 116 लोगों ने रक्तदान किया। समिति पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
रक्तदान संयोजक नंदकिशोर जायसवाल, सहसंयोजक अमित आशवानी एवं मुरली मनोहर मुलानी ने रक्तदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
महोत्सव के तीसरे दिन शाम को राघवास ग्रुप की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों और कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और नृत्य किया। भजन संध्या के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम संयोजक हरिमोहन अरोड़ा एवं मीडिया प्रभारी हेमंत साहू ने बताया कि बॉबी नागर की स्मृति में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को दोपहर एक बजे से किया जाएगा।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, रूपेंद्र नागर, सुशील गुप्ता, पद्म पाल, अशोक सिंधी, सुनील गुप्ता, मनीष पाल, सन्नी कपूर, राजू जायसवाल, रामरूप गुप्ता, पूरन सागर, मदन मोहन जोशी, विजय मनराल, विपिन साहू समेत समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

















