उत्तराखण्ड
खेल महाकुम्भ-2026: राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए विभिन्न खेलों के ट्रायल निर्धारित

हल्द्वानी। खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए नैनीताल जिले के खिलाड़ियों के विभिन्न खेल विधाओं में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी, नैनीताल ने बताया कि अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका तथा 20 से 25 आयुवर्ग महिला ओपन वर्ग के खिलाड़ियों के लिए निर्धारित तिथियों पर चयन ट्रायल होंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार हैण्डबाल और बॉक्सिंग के ट्रायल 18 सितंबर, हॉकी और बास्केटबाल के ट्रायल 19 सितंबर, ताईक्वांडो के ट्रायल 26 सितंबर तथा बेसबाल के ट्रायल 27 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।
हॉकी, बास्केटबाल, ताईक्वांडो और बेसबाल के ट्रायल उत्तराखण्ड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार, हल्द्वानी में होंगे। वहीं हैण्डबाल और बॉक्सिंग के ट्रायल स्पोर्ट्स स्टेडियम, हल्द्वानी में आयोजित किए जाएंगे।
ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, जन्मतिथि प्रमाण-पत्र और बैंक खाते की पासबुक साथ लाना अनिवार्य किया गया है। जन्मतिथि के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण-पत्र अथवा हाईस्कूल की अंकतालिका मान्य होगी। खिलाड़ियों की आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी।
सभी प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित खेल किट में ही ट्रायल स्थल पर उपस्थित होना होगा। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आने-जाने का यात्रा भत्ता, मार्ग व्यय एवं भोजन भत्ता देय नहीं होगा।

















