उत्तराखण्ड
एलाइड हेल्थ केयर इंटर्न छात्रों को ₹15 हजार मासिक मानदेय देने की मांग

हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने की भी उठाई मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के अंतर्गत इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं को ₹15 हजार प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर युवा नेता हेमन्त साहू एवं पार्षद प्रीति आर्या की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया कि एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें इंटर्नशिप अवधि में उचित मासिक मानदेय नहीं मिल रहा है। छात्र-छात्राओं ने सरकार से कम से कम ₹15 हजार प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग की।
इसके साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले इंटर्न छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाई गई।
युवा नेता हेमन्त साहू ने कहा कि इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राएं स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनसे जिम्मेदारीपूर्ण कार्य लेने के बावजूद बिना उचित मानदेय के कार्य कराना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग जायज है और सरकार को उनकी आर्थिक स्थिति तथा स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि एलाइड हेल्थ केयर इंटर्न छात्र-छात्राओं को ₹15 हजार मासिक मानदेय देने के साथ ही उनके लिए आवश्यक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाए।

















