उत्तराखण्ड
एचपीवी टीकाकरण को लेकर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम





सीएमओ ने पीएचसी फुटकुआं, मोटाहल्दू एवं लालकुआं का किया निरीक्षण
नैनीताल, 24 अगस्त 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने सोमवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, धौलाखेड़ा, मोटाहल्दू पहुंचकर प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं छात्राओं के साथ एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम किया। उन्होंने शिक्षकों को एचपीवी संक्रमण, टीकाकरण के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी देते हुए बच्चों एवं अभिभावकों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांतियों पर विश्वास करने के बजाय वैज्ञानिक तथ्यों एवं चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।
डॉ. रश्मि पंत ने कहा, “एचपीवी टीकाकरण हमारी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांतियों या अपुष्ट बातों पर विश्वास करने के बजाय सही एवं वैज्ञानिक जानकारी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समय पर कराया गया टीकाकरण भविष्य में एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर, से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र बालिका तक सही जानकारी पहुंचे और वह टीकाकरण का लाभ लेकर स्वस्थ भविष्य की ओर आगे बढ़े।”
इसी क्रम में सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फुटकुआं पहुंचकर अपने अभिभावकों के साथ एचपीवी टीकाकरण कराने आए दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी एवं विजडम स्कूल, हल्द्वानी के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति अभिभावकों की जागरूकता की सराहना की।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोटाहल्दू एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को और अधिक दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एचपीवी टीकाकरण, गर्भावस्था देखभाल, टीबी मुक्त भारत अभियान, जलजनित रोग, डेंगू, मलेरिया सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सीएमओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित सभी पोर्टलों पर लाभार्थियों एवं कार्यक्रमों से संबंधित डेटा को समयबद्ध एवं अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रगति की वास्तविक स्थिति ऑनलाइन दर्ज रहे और पात्र लाभार्थियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता केवल सेवाओं के संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि समय पर डेटा अपडेट, नियमित निगरानी और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग
जनपद नैनीताल

















