Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह भव्यता के साथ संपन्न, 14,857 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

18 नवंबर। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रबंधन विशेषज्ञ अश्वनी लोहानी को मानद उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दीक्षांत समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 14,857 विद्यार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से डिग्रियां प्रदान की गईं। वहीं आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि तथा 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।

स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण, शौर्य दीवार पर दी श्रद्धांजलि।समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सैनिकों के बलिदान को नमन किया गया।

मुख्य समारोह का संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट ने किया। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने राज्यपाल, उच्च शिक्षा मंत्री, विशेष अतिथि और मानद उपाधि प्राप्तकर्ता का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, शोध एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।

21 वर्षों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बनाई अलग पहचान

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्ष 2026 में उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। विश्वविद्यालय दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय के आठ क्षेत्रीय केंद्र और 144 अध्ययन केंद्र संचालित हैं। इस वर्ष हरिद्वार में भी नया क्षेत्रीय केंद्र स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय में कुल 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें भगवद्गीता अध्ययन में डिप्लोमा, मानवाधिकार में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम तथा कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली और जापानी भाषाओं के पाठ्यक्रम शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि एनसीवीईटी से दोहरी मान्यता प्राप्त होने के बाद विश्वविद्यालय ने असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर का पाठ्यक्रम भी शुरू किया है। विश्वविद्यालय की परीक्षा का परिणाम 15 कार्य दिवसों के भीतर घोषित किया जा रहा है।

22 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचा जागरूकता अभियान

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से वर्षभर में 231 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई। एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सेना के प्रतिष्ठानों और जेलों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

विश्वविद्यालय ने आठ गोद लिए गए गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘आपके द्वार उच्च शिक्षा’ जैसी पहल शुरू की हैं। इसके अतिरिक्त सामुदायिक रेडियो स्टेशन ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरवाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन, 135 शोध पत्र और सात पुरस्कारों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यूकॉस्ट से मिली मान्यता भी विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दीक्षांत समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इनमें किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीति वर्मा, हिमानी तिवारी पांडे, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी और मयूर बघारवाल शामिल रहे।

इस अवसर पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई।

अश्वनी लोहानी को मानद उपाधि से किया सम्मानित समारोह का प्रमुख आकर्षण देश के प्रतिष्ठित प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रबंधन विशेषज्ञ अश्वनी लोहानी को मानद उपाधि प्रदान करना रहा। भारतीय रेलवे सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहानी रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक तथा इंडिया टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उन्होंने विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। चार इंजीनियरिंग विषयों में डिग्री के समकक्ष योग्यता प्राप्त करने के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसायटी के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

प्रो. नागेश्वर राव ने आजीवन सीखते रहने का दिया संदेश नैक की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालयों का मूल उद्देश्य शिक्षा को सभी के लिए सुलभ और लोकतांत्रिक बनाना है। आज मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आजीवन सीखने की भावना विकसित करने और व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गांवों, सैनिकों एवं जेलों में अध्ययन केंद्रों, दिवंगत सैनिकों की विधवाओं को शुल्क में छूट तथा दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने ‘फिन बोध’, ‘उत्तरवाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलों को भी सराहा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना और हरेला पर्व पर 500 से अधिक फलदार एवं औषधीय पौधों के रोपण को महत्वपूर्ण पहल बताया।

उच्च शिक्षा को रोजगार और शोध से जोड़ना जरूरी : डॉ. धन सिंह रावत उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का आधार है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विकासखंड में डिग्री कॉलेज, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास, छात्रवृत्ति, ई-लाइब्रेरी और मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से उच्च शिक्षा को मजबूत कर रही है।उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, डाटा साइंस, साइबर सुरक्षा जैसे आधुनिक क्षेत्रों के साथ हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन में शोध करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना भी होना चाहिए।  डिग्री के साथ चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी : राज्यपाल मुख्य अतिथि राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है।

श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, विचार और आचरण का विकास करना भी है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, नौकरीपेशा लोगों, सैनिकों, जेलों में बंद लोगों और शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। एक लाख से अधिक पुस्तकों का निःशुल्क वितरण, आठ गांवों को गोद लेना, सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’ ऐप, ‘उत्तरवाणी’ और ‘ज्ञान कोष’ जैसी पहल सराहनीय हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को निरंतर अपने कौशल को विकसित करना होगा। तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय संवेदनशीलता, नैतिकता और विवेक का संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उत्तराखंड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर विकसित करना आवश्यक है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, बागवानी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से इन क्षेत्रों में शोध, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

उन्होंने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को सतत विकास के लिए आवश्यक बताते हुए युवाओं से जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग में योगदान देने की अपील की।

‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन, शिक्षकों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विश्वविद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में हासिल किए स्वर्ण पदक

विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक (स्नातक स्तर): बीए में शिवर्णा धौनी, बीकॉम में मोहित गुनसोला, बीएड विशेष शिक्षा (श्रवण बाधित) में मोनिका खत्री, बीएड विशेष शिक्षा (दृष्टिबाधित) में विनिता अग्रि, बीए विशेष शिक्षा (बौद्धिक दिव्यांगता) में तनुजा चुफाल, बीएड विशेष शिक्षा (अधिगम अक्षमता) में संगीता लिम्बू तथा बीएलआईएस में जितेंद्र को स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया।

स्नातकोत्तर स्तर: अर्थशास्त्र में सोनिया नेगी, शिक्षा में वंदना ध्यानी, अंग्रेजी में वंशिता अग्रवाल, भूगोल में सरिता पलनी, इतिहास में भूमिका मनराल, हिंदी में अंजू कापड़ी, राजनीति विज्ञान में हिमांशु उप्रेती, समाजशास्त्र में नीलम जोशी, एमबीए में प्रियंका शर्मा, एमसीए में ललित कांडपाल, एमकॉम में पवन ममगाईं, एमएलआईएस में प्रेरणा भट्ट, वनस्पति विज्ञान में मिताली पांडे, रसायन विज्ञान में कुमारी आस्था, गणित में प्रदीप चंद्र मिश्रा, प्राणी विज्ञान में ज्योत्सना जोशी, समाज कार्य में मोहन चंद्र घिल्डियाल, संस्कृत में अनुज भार्गव तथा मनोविज्ञान में पूजा भट्ट को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

सशक्त भारत (एनईपी) स्वर्ण पदक: बीए में प्रकाश चंद्र, बीसीए में अपराजिता जोशी, बीकॉम में दिव्यांशु तथा बीएससी में सुशांत कुमार को सम्मानित किया गया।

कुलाधिपति स्वर्ण पदक: स्नातक स्तर पर बीएलआईएस में जितेंद्र और स्नातकोत्तर स्तर पर एमएलआईएस में प्रेरणा भट्ट को चुना गया।।प्रायोजित स्वर्ण पदक: लाला देवकी नंदन नंद किशोर एजेंसीज स्मृति स्वर्ण पदक बीसीए में अपराजिता जोशी, श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक एमएलआईएस में प्रेरणा भट्ट तथा श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक एमकॉम में पवन ममगाईं को प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त बीए विशेष शिक्षा (बौद्धिक दिव्यांगता) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

तीन स्वर्ण पदकों के माध्यम से मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन विश्वविद्यालय की स्थापना से ही लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यवसायी डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ द्वारा तीन स्वर्ण पदक प्रायोजित किए जा रहे हैं। इनमें लाला देवकीनंदन नंदकिशोर एजेंसीज की ओर से स्नातक स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा, उनकी दिवंगत माता श्रीमती शीला देवी की स्मृति में स्नातकोत्तर स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा तथा उनकी दादी स्वर्गीय श्रीमती भगवती देवी की स्मृति में एमकॉम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को स्वर्ण पदक दिया जाता है। इस वर्ष भी राज्यपाल ने इन तीनों पदकों से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई समारोह की शोभा दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में सांस्कृतिक रंग और उत्साह भर दिया। कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों के समन्वय में डॉ. शशांक शुक्ला, डॉ. सुचित्रा अवस्थी, गौरव उपाध्याय और हर्षिता मेहता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव बना, बल्कि दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के विश्वविद्यालय के संकल्प को भी नई मजबूती प्रदान कर गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page