उत्तराखण्ड
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, कुलपति ने किया औचक निरीक्षण

हल्द्वानी, 20 सितंबर 2026। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश सत्र जुलाई 2026 के अंतर्गत बीएड (ओडीएल) एवं बीएड (स्पेशल) पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा रविवार को विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति एवं परीक्षा नियंत्रक ने एमआईईटी कुमाऊं, शिक्षा नगर लामाचौड़, हल्द्वानी केंद्र का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बीएड (ओडीएल) की प्रवेश परीक्षा प्रथम पाली में प्रातः 9 से 11 बजे तक तथा बीएड (स्पेशल) की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा विश्वविद्यालय के एमआईईटी कुमाऊं, शिक्षा नगर लामाचौड़ हल्द्वानी, एसजीआरआर कॉलेज देहरादून तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय मुख्यालय हल्द्वानी स्थित केंद्रों पर आयोजित हुई।
विश्वविद्यालय के अनुसार बीएड (ओडीएल) के लिए 1986 तथा बीएड (स्पेशल) के लिए 1519 आवेदन प्राप्त हुए थे। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति दर्ज की गई। एसजीआरआर कॉलेज देहरादून केंद्र पर 2037 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 464 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं एमआईईटी कुमाऊं, लामाचौड़ केंद्र पर 1066 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी तथा 207 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय मुख्यालय में 402 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 64 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
इसके अतिरिक्त बीए (योग) एवं एमए (योग) की प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से प्रातः 10 से 11 बजे तक आयोजित की गई। इसमें कुल 154 अभ्यर्थियों में से 134 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 20 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी प्रवेश परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। परीक्षा के दौरान कुलपति एवं परीक्षा नियंत्रक ने एमआईईटी कुमाऊं, शिक्षा नगर लामाचौड़ स्थित केंद्र का सुबह के सत्र में औचक निरीक्षण किया और परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

















