उत्तराखण्ड
उत्तराखंड के 13 पत्रकार पांच दिवसीय हैदराबाद प्रेस टूर पर पहुंचे


पीआईबी देहरादून के आयोजन में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, वैज्ञानिक संस्थानों और विकास परियोजनाओं का करेंगे प्रत्यक्ष अवलोकन
देहरादून, 31 अगस्त 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय हैदराबाद प्रेस टूर के तहत 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को हैदराबाद पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार शामिल हैं।
प्रेस टूर का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति, नवाचार तथा आधारभूत ढांचे से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है। अध्ययन भ्रमण के दौरान पत्रकार विभिन्न राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों और परियोजनाओं का दौरा कर विशेषज्ञों से संवाद करेंगे तथा वहां संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS), शिल्पारामम सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प गांव, आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान, सालार जंग संग्रहालय, ईएसआईसी अस्पताल सहित हैदराबाद क्षेत्र के अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी प्रतिष्ठानों का भ्रमण करेगा।
पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया को राष्ट्रीय स्तर पर संचालित विकास परियोजनाओं और संस्थानों से जोड़ना है। भ्रमण के माध्यम से पत्रकारों को विकास कार्यों, अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचारों और तकनीकी प्रगति की जमीनी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, ताकि इनसे जुड़ी सूचनाओं को आम जनता तक अधिक सटीक और प्रमाणिक तरीके से पहुंचाया जा सके।
पीआईबी समय-समय पर चयनित परियोजना स्थलों पर ऐसे प्रेस टूर आयोजित करता है, जिससे पत्रकार देश में चल रही विकास गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें और उनके जनहित एवं राष्ट्रहित से जुड़े पहलुओं को समझ सकें।
पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के पत्रकारों को हैदराबाद में केंद्र सरकार के विभिन्न संस्थानों एवं परियोजनाओं की उपलब्धियों की गहन और स्पष्ट जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का प्रमुख उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु का निर्माण करना है। हैदराबाद देश के प्रमुख आईटी, फार्मास्यूटिकल और वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों में शामिल है। ऐसे में यह अध्ययन यात्रा उत्तराखंड के पत्रकारों को अत्याधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधारभूत ढांचे में हो रही प्रगति को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि एक्सपोजर टूर के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों का अध्ययन कर उन्हें पाठकों तक सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी के साथ पहुंचाएं।

















