Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड के शिवम धौंडियाल का सत्यार्थी फेलोशिप-2026 के प्रथम बैच के लिए चयन

देहरादून, 31 अगस्त। उत्तराखंड के एग्रोप्रेन्योर, पर्यावरणविद् एवं विकास पेशेवर शिवम धौंडियाल का प्रतिष्ठित सत्यार्थी फेलोशिप-2026 के प्रथम बैच के लिए चयन हुआ है। दुनिया के 35 देशों से प्राप्त करीब 1,200 आवेदनों में से 25 युवा परिवर्तनकारी नेतृत्वकर्ताओं को इस फेलोशिप के लिए चुना गया है।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में एमएससी पर्यावरण विज्ञान (2024-26) के छात्र शिवम धौंडियाल वर्ष 2015 से Naturorganics के माध्यम से हिमालयी जैव-संसाधनों के मूल्य संवर्धन, टिकाऊ कृषि, ग्रामीण उद्यमिता और वैकल्पिक आजीविका के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों में हर्बल उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, एग्रोफॉरेस्ट्री, कीवी उत्पादन, पॉलीहाउस कृषि तथा ग्रामीण युवाओं के लिए उद्यमिता विकास कार्यक्रम शामिल हैं।

फेलोशिप के तहत चयनित 25 फेलो जयपुर स्थित बाल भवन में करीब एक माह के आवासीय एवं सहभागी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे विशेषज्ञों एवं मार्गदर्शकों के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेंगे तथा सामूहिक सीख को अपने निर्धारित कार्यों में रूपांतरित करेंगे।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने शिवम धौंडियाल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि सत्यार्थी फेलोशिप-2026 के लिए उनका चयन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि शिवम की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, प्रतिबद्धता और सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों के प्रति निरंतर समर्पण का परिणाम है।

कुलपति ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण आजीविका और हिमालयी क्षेत्रों के सतत विकास के क्षेत्र में शिवम के प्रयास सराहनीय हैं। यह उपलब्धि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों की क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का भी परिचायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिवम इस फेलोशिप के माध्यम से उत्तराखंड के हिमालयी समाज की चुनौतियों और संभावनाओं को व्यापक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे तथा अपने अनुभव और सीख से अन्य युवाओं को भी सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करेंगे।

विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों सहित पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने भी शिवम धौंडियाल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे फेलोशिप के माध्यम से अपने सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों को नई दिशा और व्यापक आयाम प्रदान करेंगे।

सत्यार्थी फेलोशिप-2026 का आधिकारिक शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर में होगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page