उत्तराखण्ड
आज से शुरू हुई उप खनिज निकासी की प्रक्रिया, डीएम ने विभागों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

वन विकास निगम, परिवहन और खान विभाग को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, डंपर संगठन व स्टेकहोल्डर्स से समन्वय पर जोर
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में उप खनिज निकासी की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। प्रशासन ने निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 से उप खनिज निकासी के लिए औपचारिक नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। इसके बाद अब संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त कर निकासी कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने वन विकास निगम को उप खनिज निकासी क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अप्रोच रोड, संपर्क मार्ग, बैरियर सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा गया है। साथ ही खनिज की नाप-तौल में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का समय से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निकासी शुरू होने के बाद तकनीकी खामी के कारण किसी तरह की परेशानी न हो।
उप खनिज निकासी में इस्तेमाल होने वाले डंपर एवं अन्य वाहनों की व्यवस्था को लेकर परिवहन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। विभाग को वाहनों की फिटनेस तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं जिला खनिज अधिकारी को डंपर संगठन, क्वेरी संचालकों तथा उप खनिज निकासी से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय एवं विचार-विमर्श कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन का जोर है कि निकासी प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्षों के बीच बेहतर तालमेल रहे, जिससे कार्य के संचालन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने श्रमिकों की उपलब्धता समेत उप खनिज निकासी से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि उप खनिज निकासी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुचारू रूप से संचालित हो सके।
प्रशासन के अनुसार, निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए वन विकास निगम, परिवहन विभाग, खान विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करनी होंगी।

















