उत्तराखण्ड
आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी, 20 नवंबर से लागू होंगी नई दरें

लालकुआं। त्योहारी सीजन के बाद अब आम उपभोक्ताओं को दूध और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ेगा। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने अपने आंचल ब्रांड के दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित कीमतें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। नई दरों के तहत दूध, पनीर और क्रीम सहित कई उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि मूल्य संशोधन के बाद सभी संबंधित उत्पाद नई निर्धारित दरों पर बाजार में उपलब्ध होंगे। जारी मूल्य सूची के अनुसार सबसे अधिक बढ़ोतरी आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक में की गई है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है।
वहीं आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये कर दी गई है। आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क का छह लीटर पैक अब 355 रुपये के बजाय 372 रुपये में मिलेगा।
खुले बाजार में प्रतिदिन दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं पर भी इसका असर पड़ेगा। आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के स्थान पर 60 रुपये प्रति लीटर, शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क 60 रुपये से बढ़कर 63 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड मिल्क 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसके अलावा आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य निजी दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में वृद्धि की थी। अब आंचल दुग्ध संघ की ओर से भी नई दरें लागू किए जाने से उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी गई है और 20 नवंबर से सभी संबंधित उत्पाद नई कीमतों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।







