उत्तराखण्ड
अस्मिता सेपक टाकरा सिटी लीग 2026 संपन्न

कार्यक्रम का शुभारंभ शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक रमेश चंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें यूनिवर्सल कॉन्वेंट ने इंस्पिरेशन स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल विजेता तथा यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक दीपक बलुटिया ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नागेंद्र शर्मा ने कहा कि भारत सरकार के अस्मिता कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की बालिकाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संघ की ओर से समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।
प्रतियोगिता के निर्णायक प्रगति, किरण, श्वेता, गौरव तथा योगेश पांडेय रहे। इस अवसर पर दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक सुमित टिक्कू, शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के वाइस चेयरमैन अनंत नियर शर्मा, आकृति शर्मा, प्रधानाचार्य पी.एस. अधिकारी, दीपक अधिकारी, वैशाली पांडेय तथा मोहित उप्रेती सहित विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

















