उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा में ईपीएफओ के ‘निधि आपके निकट’ शिविर में सुनीं समस्याएं, भविष्य निधि और पेंशन पर हुई चर्चा


प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, विश्वास योजना और कर्मचारी नामांकन अभियान की दी गई जानकारी
अल्मोड़ा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से केएमवीएन, मोहन, जनपद अल्मोड़ा में ‘निधि आपके निकट’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कर्मचारियों और नियोक्ताओं को भविष्य निधि, पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II आकाश वर्मा तथा क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी आदित्य जोशी और शैलेश रॉय ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से आए प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कदम उठाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II आकाश वर्मा ने उपस्थित प्रतिनिधियों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ओर से संचालित योजनाओं एवं अभियानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, विश्वास योजना और कर्मचारी नामांकन अभियान के उद्देश्यों, लाभों तथा प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से पात्र कर्मचारियों का नियमानुसार नामांकन सुनिश्चित करने और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों का पालन करने की अपील की। साथ ही योजनाओं के माध्यम से पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कर्मचारियों और नियोक्ताओं को मिला सीधा संवाद का अवसर
शिविर के दौरान कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं को भविष्य निधि खातों, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अधिकारियों से सीधे जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
ईपीएफओ की ‘निधि आपके निकट’ पहल का उद्देश्य संगठन की सेवाओं को कर्मचारियों और नियोक्ताओं के करीब पहुंचाना, योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को सरल बनाना है। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही संगठन की सेवाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।





