Connect with us

उत्तराखण्ड

अनुसूचित जाति की समस्याओं को लेकर आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार ने की समीक्षा बैठक

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से लिए सुझाव, जातिगत भेदभाव व उत्पीड़न की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी, 17 नवंबर। उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मुकेश कुमार ने मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में अनुसूचित जाति वर्ग के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, नगर निकायों के अध्यक्षों, सभासदों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाना तथा उनके साथ होने वाले भेदभाव, उत्पीड़न और अन्याय को रोकना है। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आयोग की प्राथमिकता है।

बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य ने गोलापार के बागवाला क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट और आवारा जानवरों से होने वाले खतरे की समस्याएं उठाईं। वहीं बासनी गांव निवासी हिमांशु आर्य ने गांव को जोड़ने वाली सड़क को सीसी मार्ग बनाने की मांग रखी। दामादुंगा क्षेत्र के लोगों ने सुलभ शौचालय की उचित व्यवस्था कराने का मुद्दा उठाया।

इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने भूमि, आवास, सड़क, पेयजल, शिक्षा, छात्रवृत्ति में देरी, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, रोजगार, शौचालय, सामुदायिक भवन और जातिगत भेदभाव से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

अध्यक्ष मुकेश कुमार ने सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जातिगत भेदभाव, छुआछूत और उत्पीड़न की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने और पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, स्वच्छता, छात्रवृत्ति, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। सामाजिक संगठनों से नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, बच्चों की शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के ‘मेरी योजना’ एप के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

बैठक के अंत में अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से प्राप्त सभी सुझावों एवं समस्याओं को शासन और संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, अल्पसंख्यक आयोग के डॉ. जेडए वारसी, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य, जिला मंत्री आशीष कुमार, मंडल अध्यक्ष भुवन आर्य, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख ईश्वरी राम सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के ।अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page