उत्तराखण्ड
अखिल भारतीय किसान मेले में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का प्रचार-प्रसार, निःशुल्क पुस्तक मेले ने बढ़ाया आकर्षण






हल्द्वानी, 3 अक्टूबर 2026। अखिल भारतीय किसान मेला, पंतनगर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी की ओर से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष कार्यक्रम एवं निःशुल्क पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों एवं मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी भी उपस्थित रहे। कुलपति ने विश्वविद्यालय के स्टॉल का उद्घाटन किया तथा उद्घाटन सत्र में पधारे विशिष्ट अतिथि एवं कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की पुस्तकें भेंट कीं।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्देश्य राज्य के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस तरह के आयोजन ग्रामीण समुदाय को शिक्षा के अवसरों से जोड़ने और विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
किसान मेले में लगाए गए विश्वविद्यालय के स्टॉल पर विभिन्न गांवों से आए किसानों एवं स्थानीय लोगों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्यक्रमों, पाठ्यक्रमों, अध्ययन सुविधाओं तथा दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के संबंध में जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय की टीम ने प्रतिभागियों को यह भी बताया कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपनी अन्य जिम्मेदारियों के साथ उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं।
निःशुल्क पुस्तकों का किया गया वितरण
निःशुल्क पुस्तक मेले के दौरान विद्यार्थियों, किसानों और अन्य प्रतिभागियों को उपयोगी पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें विश्वविद्यालय की पुस्तकों और अध्ययन संसाधनों की जानकारी दी गई तथा उच्च शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की रेडियो टीम ने विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं किसानों से बातचीत कर उनकी बाइट एवं विचार भी रिकॉर्ड किए। प्रतिभागियों ने शिक्षा, दूरस्थ शिक्षा और विश्वविद्यालय की गतिविधियों को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
प्रचार-प्रसार कार्यक्रम में सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रेखा बिष्ट, डॉ. विनोद कुमार बिरखानी, डॉ. सुमित सिंह, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, श्रीमती मधु डोगरा एवं श्री मनीष कुमार शामिल रहे। वहीं रेडियो विभाग की ओर से श्री हरीश गोयल एवं श्रीमती सोनू भट्ट ने प्रतिभाग किया।

















