उत्तराखण्ड
ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के तहत 26 सीएलएफ संग 18 कंपनियों ने किए करार, हिमफ्ला ने 6 जिलों के साथ समझौता,,
देहरादून, 11 फरवरी 2026: ग्रामीण विकास विभाग, उत्तराखंड द्वारा 9 और 10 फरवरी को आयोजित ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना-ग्रामोत्थान के राज्य स्तरीय बहु हितकारी मंच (एमएसपी) में प्रदेश के सभी जिलों से कुल 26 क्लस्टर स्तरीय महासंघ (सीएलएफ) और 18 निजी कंपनियों ने भाग लिया।इस कार्यक्रम में नैनीताल जिले के काकड़ीघाट क्षेत्र में स्थापित हिमफ्ला प्राइवेट लिमिटेड ने भी हिस्सा लिया। कंपनी का उत्पाद ‘पहाड़ी पिसी नूण’ देश-विदेश में विख्यात है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड भ्रमण के दौरान इसका अवलोकन कर सराहना की थी। हिमफ्ला के निदेशक संदीप पांडे ने बताया कि सम्मेलन में कंपनी ने नैनीताल, पिथौरागढ़, उदham सिंह नगर, बागेश्वर और चमोली के छह जिलों के सीएलएफ के साथ करार पर हस्ताक्षर किए। इससे लगभग 10,000 किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी होगी तथा प्रदेश और देश के ग्राहकों को पहाड़ी शुद्ध प्राकृतिक उत्पाद मिल सकेंगे।उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हिमफ्ला, जिलों से आए सीएलएफ एवं रीप (आरईएपी) अधिकारियों के बीच लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर कराकर इस साझेदारी को औपचारिक रूप प्रदान किया। हिमफ्ला के निदेशक संदीप पांडे एवं योगेंद्र सिंह (अलकनंदा सीएलएफ, नैनीताल), संजीवनी सीएलएफ (बागेश्वर), आरईएपी डीपीएम (चमोली), चौमू बाबा सीएलएफ (पिथौरागढ़), नैना सीएलएफ (रुद्रप्रयाग) तथा जीवन ज्योति सीएलएफ (उधम सिंह नगर) के प्रतिनिधियों ने करार पर हस्ताक्षर कर सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग की अपर सचिव सुश्री झरना कामथ (आईएएस), उपायुक्त नरेश कुमार, उपनिदेशक एमएस यादव, आरईएपी के सभी जिलों के डीपीएम, सीएलएफ सदस्य तथा प्रदेशभर से आए निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कुल 18 कंपनियों ने 60 से अधिक करारों पर हस्ताक्षर किए।




























