उत्तराखण्ड
27 मई की चेतावनी रैली की तैयारी की समीक्षा के लिए किसान महासभा बागजाला कार्यकारिणी की बैठक,
बागजाला में पेयजल, विकास कार्यों, निर्माण कार्यों, सड़क पर रोक क्यों? भाजपा सरकार जवाब दो : आनन्द सिंह नेगी
27 मई को बुधपार्क हल्द्वानी में होने वाली चेतावनी रैली की तैयारी की समीक्षा के लिए अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कार्यकारिणी की बैठक गांव में संपन्न हुई।
अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनन्द सिंह नेगी ने कहा कि, जब से उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से प्रदेश भर में गरीब जनता को उसकी जमीनों से उजाड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। बागजाला में भी यहां के निवासियों को उजाड़ने की कोशिश भाजपा सरकार द्वारा की जा रही है। पहले भाजपा सरकार ने यहां के लोगों को ग्राम पंचायत में वोट डालने का अधिकार से वंचित किया, फिर वन विभाग द्वारा नोटिस भेजे गए, उसके बाद नए निर्माण पर रोक लगा दी गयी, निर्माणाधीन सरकारी सीसी मार्ग तोड़ डाला गया और जल जीवन मिशन योजना का काम भी ठप्प करा दिया गया। उन्होंने कहा कि, बागजाला में पेयजल, विकास कार्यों, निर्माण कार्यों, सड़क पर रोक क्यों लगाई गई है? भाजपा सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
किसान महासभा बागजाला उपाध्यक्ष विमला देवी ने कहा कि, किसान महासभा के नेतृत्व में बागजाला वासियों ने वन विभाग के नोटिसों के विरोध में, निर्माण कार्यों पर लगी रोक हटाने, अपने मकानों – जमीनों पर मालिकाना हक़ दिये जाने, बागजाला राजस्व गाँव बनाये जाने, पूर्व की भांति ग्राम पजाया के साथ जोड़कर ग्राम पंचायत के चुनाव में शामिल करने के लिए लगातार संघर्ष जारी है, लेकिन भाजपा सरकार और जिला प्रशासन द्वारा बागजाला गांव की लगातार उपेक्षा जारी है।
सचिव वेद प्रकाश ने कहा कि, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा बागजाला गांव के लोगों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है जिसके चलते यहां की जनता को 27 मई को बुधपार्क हल्द्वानी में विशाल चेतावनी रैली करने की घोषणा करनी पड़ी है।
प्रचार सचिव पंकज चौहान ने बताया कि, रैली को सफल करने के लिए प्रभात फेरी, नुक्कड़ सभाएं, पर्चा वितरण, व्यापक जन संपर्क किया जाएगा। सैकड़ों की संख्या में बागजाला के लोग चेतावनी रैली में शामिल होंगे।
मांगें:
- वन विभाग द्वारा बागजाला में दिए गए सभी नोटिस वापस लिए जाएं।
- बागजाला वासियों को स्थाई रूप से निवास की अनुमति देते हुए भूमि का मालिकाना उनके नाम पर करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
- बागजाला के जल संकट का समाधान किया जाय और रोकी गई पेयजल योजना का कार्य तत्काल शुरू किया जाए।
- बागजाला में विकास कार्यों और निर्माण कार्यों पर लगी रोक को खत्म किया जाए और निर्माण कार्य की अनुमति दी जाए।
- बागजाला को पूर्व की भांति पंचायत चुनाव में देवला-पजाया ग्राम सभा में शामिल किया जाए।
- वन विभाग द्वारा तोड़ी गई सीसी रोड को पुनः बनाने का काम शुरू किया जाए।
मीटिंग में प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, किसान महासभा बागजाला उपाध्यक्ष बिमला देवी, सचिव वेद प्रकाश, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, प्रचार सचिव पंकज सिंह चौहान, भाकपा माले जिला सचिव डा कैलाश पाण्डेय, दौलत सिंह कुंजवाल, हरक सिंह बिष्ट, भगवती भट्ट, चन्दन सिंह मटियाली, हेमा देवी, दीपा देवी, नंदी देवी, दुर्गा देवी आदि शामिल रहे। आनंद सिंह नेगी, प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय किसान महासभा ,,
