उत्तराखण्ड
राज्यपाल ने पंतनगर विश्वविद्यालय में ली समीक्षा बैठक, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था का लिया जायजा जनमन योजना में ऊधम सिंह नगर का नाम शीर्ष पांच जनपदों में आने पर दी बधाई,,
राजभवन देहरादून/पंतनगर, 04 नवम्बर 2025।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) मंगलवार सांय अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंतनगर विश्वविद्यालय पहुँचे, जहां उन्होंने तराई भवन में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक कर जनपद ऊधम सिंह नगर में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।राज्यपाल ने ऊधम सिंह नगर को प्रधानमंत्री जनमन योजना में देश के शीर्ष पांच जनपदों में स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा जनपद को सम्मानित किया जाना गर्व की बात है। राज्यपाल ने इस योजना में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में हनी क्रांति, सेमीकंडक्टर उत्पादन, महिला स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से कृषि से जोड़ने, बीज उत्पादन बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में अनुसंधान एवं तकनीकी उन्नयन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर प्रतिबंध लगाकर गन्ना, मक्का और दलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की रजत जयंती के अवसर पर आगामी 8 नवम्बर को नानकसागर डैम में वॉटर स्पोर्ट्स कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है और जनपद में कानून व्यवस्था नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा जनपद में फॉरेंसिक लैब स्वीकृत की गई है, जिसके लिए किच्छा में भूमि चिन्हित कर ली गई है।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद की 27 न्याय पंचायतों में एक-एक मॉडल विद्यालय व पुस्तकालय बनाए जा रहे हैं तथा 150 प्राथमिक विद्यालयों में आपदा मद से नए कक्षों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए ग्राम स्तर तक जांच एवं उपचार कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही अस्पतालों में प्रसव हेतु वातानुकूलित कक्ष तैयार किए जा रहे हैं तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य ट्रैकिंग की जा रही है।इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी तथा पंतनगर विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार दीपा विनय उपस्थित रहीं।























