उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मुनस्यारी दौरा: जनता और जवानों से आत्मीय संवाद, विकास योजनाओं की समीक्षा,,
मुनस्यारी, पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को मुनस्यारी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। हेलीपैड (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, जी.जी.आई.सी.) पहुंचने पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस बल द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।भव्य स्वागत के बाद मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में एकत्र मुनस्यारी क्षेत्र की माताओं, बहनों और स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने नागरिकों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की प्राथमिकता—हर अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना—दोहराई तथा सीमांत क्षेत्रों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, “जनसेवा और सीमाओं की सुरक्षा — यही उत्तराखंड की पहचान है।”इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने आईटीबीपी की 14वीं बटालियन मुनस्यारी पोस्ट का भ्रमण किया, जहां उन्हें जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री ने जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके त्याग, अनुशासन व समर्पण से ही देश सुरक्षित है, तथा उन्हें राज्य सरकार की ओर से शुभकामनाएं दीं।दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से भेंटवार्ता की और क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और आधारभूत जरूरतों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।मुख्यमंत्री ने अपने कॉलेज के पुराने मित्रों से भी मुलाकात कर यादें साझा कीं और उनके परिवारजन का हाल जाना। मुख्यमंत्री के इस दौरे से मुनस्यारी में उत्साह का माहौल रहा तथा स्थानीय नागरिकों ने इसे प्रेरणादायी एवं उत्साहवर्धक बताया।























