उत्तराखण्ड
वन्दे मातरम् की 150वीं जयंती पर राष्ट्रभावना के साथ गूंजा पिथौरागढ़ — मंत्री रेखा आर्या एवं जिलाधिकारी ने किया सामूहिक गायन,,
पिथौरागढ़, 7 नवम्बर।
राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं जयंती के अवसर पर आज पिथौरागढ़ राष्ट्रभावना से ओतप्रोत हो उठा। सुबह 9:55 बजे जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना के साथ सहभागिता की। सामूहिक गायन के उपरांत जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रेरणादायक संदेश भी सभी को सुनाया।दोपहर 12:30 बजे जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जनपद के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुँची प्रदेश की मंत्री, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की रेखा आर्या का रामलीला मैदान में पुष्पगुच्छ व पौधा भेंटकर स्वागत किया। मंत्री आर्या ने दीप प्रज्वलित कर रजत जयंती समारोह की औपचारिक शुरुआत की और वहाँ उपस्थित जनसमूह के साथ राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।अपने संबोधन में रेखा आर्या ने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होना राष्ट्रीय एकता, सम्मान और गर्व का प्रतीक है। उन्होंने राज्य आंदोलन के वीर शहीदों को नमन करते हुए उत्तराखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास को याद किया। आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने में प्रदेश की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अगले 25 वर्षों में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।रजत जयंती उत्सव के तहत जनपद सहित पूरे राज्य में खेल, संस्कृति और जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे


























