उत्तराखण्ड
कांग्रेस ने हल्द्वानी में शुरू किया संगठन सृजन अभियान, कैप्टन अजय सिंह यादव बने प्रभारी
हल्द्वानी, आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने “संगठन सृजन अभियान” शुरू कर दिया है। हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को हल्द्वानी महानगर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह जानकारी उन्होंने हल्द्वानी कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में पत्रकार वार्ता के दौरान साझा की।
कैप्टन यादव ने बताया कि वे 7 सितम्बर तक हल्द्वानी प्रवास पर रहेंगे और इस दौरान लगातार कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए बैठकों का आयोजन करेंगे। इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की जमीनी ताकत को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना है।
प्रेस वार्ता के बाद कैप्टन यादव ने महानगर कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की और महानगर अध्यक्ष पद के दावेदारों से संगठन सृजन अभियान का मकसद साझा किया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस परिवार ने कैप्टन यादव का कांग्रेस भवन में गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद बिष्ट के अलावा कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुटता दिखाई।
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का मुख्य लक्ष्य है ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत कमेटियों का गठन कर पार्टी को चुनावी मोर्चे पर मजबूती प्रदान करना। इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संवाद कायम कर चुनाव की तैयारियां प्रभावी ढंग से की जाएंगी।















