उत्तराखण्ड
शहर की चाक चौबंद व्यवस्था का जायज़ा लेने के लिए DM सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह व सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह ने कसी कमर – दुपहिया वाहन से किया संयुक्त रूप से परीक्षण,,
अजय सिंह देहरादून
देहरादून,,जिलाधिकारी सविन बंसल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और रेखीय विभागों के अधिकारियों के साथ आज शहर का संयुक्त निरीक्षण दुपहिया वाहन से किया। यह निरीक्षण जिलाधिकारी कैंप कार्यालय से प्रारंभ होकर राजपुर रोड, घंटाघर, एमकेपी चौक, आराघर, रिस्पना पुल, कारगी चौक, आईएसबीटी, लालपुल, सहारनपुर चौक होते हुए प्रिंस चौक तक संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान, महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और पिंक टॉयलेट की संभावनाओं, अतिक्रमण, पार्किंग, चौराहों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था, सड़क, और ड्रेनेज जैसी व्यवस्थाओं का गहन विश्लेषण किया गया। जिलाधिकारी ने गांधी पार्क, एमकेपी चौक और लालपुल पर पिंक बूथ और पुलिस बूथ पर पिंक टॉयलेट के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, जिन स्थानों पर यातायात लाइटों की मरम्मत और स्थापना की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव पुलिस विभाग से मांगे गए।
जलभराव की समस्याओं के समाधान हेतु रिस्पना पुल, आईएसबीटी और प्रिंस चौक पर एनएच और लोनिवि के अधिकारियों को आख्या सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, आईएसबीटी चौक पर सड़क चौड़ीकरण और जलभराव निवारण योजना को तैयार करने और इसे अगले मानसून से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस निरीक्षण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसपी यातायात मुकेश कुमार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

