उत्तराखण्ड
हल्द्वानी में आरटीओ का सख्त प्रवर्तन अभियान जारी, 110 वाहनों के चालान व 12 सीज,,
पवनीत सिंह बिंद्रा
हल्द्वानी, 10 अप्रैल 2026: आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी श्री अरविंद पांडेय के निर्देशों पर हल्द्वानी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा अभियान तेज हो गया है। आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कठोर चेकिंग की गई, जिसमें लालकुआं, काठगोदाम और प्रमुख चौराहों पर विशेष ध्यान दिया गया।
टैक्सी वाहनों में VLTD-पैनिक बटन की सघन जांच
चेकिंग के दौरान टैक्सी वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) एवं पैनिक बटन की जांच की गई। खराब पैनिक बटन वाले वाहनों के चालान काटे गए। काठगोदाम बस स्टेशन के पास अनधिकृत खड़े और डग्गामार करने वाले टैक्सी-मैक्सी वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई हुई।
मोटाहल्दू में घायल को बचाने वाली त्वरित कार्रवाई
मोटाहल्दू क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए टीम ने एक एम्बुलेंस रुकवाई और उसे सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। इस नेक कार्य में परिवहन कर अधिकारी श्रीमती अनुभा आर्य, परिवहन सहायक निरीक्षक चंदन ढेला, चंदन सुपियाल और परिवहन आरक्षी मुहम्मद साहिल ने सराहनीय भूमिका निभाई।
अभियान का नेतृत्व व टीम
आज का अभियान एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सांगवान के नेतृत्व में चला। इसमें परिवहन कर अधिकारी श्री पवन कुमार, श्रीमती अपराजिता पांडेय, परिवहन उपनिरीक्षक आरसी पंवार और गिरीश कांडपाल शामिल रहे। कुल 110 वाहनों के चालान काटे गए और 12 वाहन सीज किए गए।
परिवहन विभाग अनधिकृत वाहनों के खिलाफ यह अभियान लगातार चलाएगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो।

















