उत्तराखण्ड
प्रेस क्लब ने उत्थान मंच में मनाई फूलों की होली,,
भाईचारे और एकता का संदेश, जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति
हल्द्वानी। प्रेस क्लब फॉर पब्लिक वेल्फेयर सोसायटी के बैनर तले हीरा नगर स्थित पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच में फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुष्प वर्षा के बीच होली के पारंपरिक गीतों ने माहौल को उत्सवी बना दिया।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने उपस्थित पत्रकारों और जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि रंगों का त्योहार होली आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में आमजन को उनका अधिकार मिल रहा है और मीडिया भी निष्पक्षता से अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने समाज में सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद राज्य मंत्री दिनेश आर्य ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि होली का पर्व हमें आपसी भेदभाव मिटाकर एकता के सूत्र में बंधने की प्रेरणा देता है। यह त्योहार सामाजिक समरसता को सशक्त करने का माध्यम है।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी अपने आप में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और यह आयोजन उसकी एक झलक है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
मंच के संस्थापक सदस्य हुकुम सिंह कुवर ने भी अपने विचार साझा करते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय रावत, संरक्षक भुवन जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह, गणेश पाठक, राजेश सरकार, कमल राजपाल, सलीम खान, भगवान सिंह गंगौला, दया जोशी, महेंद्र सिंह नेगी, विपिन चंद्रा, बबलू, मुकेश जोशी, विजय बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, गोविंद बिष्ट सहित मंच के अध्यक्ष खड़क सिंह बगडवाल, सारथी फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन पंत, आनंद दरम्वाल, त्रिलोक बनोली, चंद्र शेखर परगाई, दलजीत सिंह डल्ली, प्रदीप सबरवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान फूलों की वर्षा और होली गीतों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। आयोजन ने क्षेत्र में उत्सव और एकता का वातावरण बना दिया।,





























