उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा: ग्रीन कार्ड पंजीकरण और दिशा-निर्देश जारी,,
पवनीत सिंह बिंद्रा
हल्द्वानी, 10 अप्रैल 2026: संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) प्रशासन डॉ गुरदेव सिंह ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा न केवल एक धार्मिक महत्व की यात्रा है, बल्कि इससे पर्यटक सीजन भी प्रारंभ हो जाता है।
आरटीओ कार्यालय हल्द्वानी में अब तक केवल चार वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किया गया है। इनमें परिवहन विभाग की दो बसें और दो टैक्सी-मैक्सी वाहन शामिल हैं। डॉ. गुरदेव सिंह ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का यांत्रिक परीक्षण अवश्य कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निर्धारित मानकों वाले वाहन ही चारधाम यात्रा के लिए मान्य होंगे।
इसके अलावा, उन्होंने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया। “सभी वाहन स्वामियों से अपील है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा का लाभ उठाएं,” उन्होंने कहा। यह अपील यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
परिवहन विभाग यात्रा से पहले सभी वाहनों की सघन जांच अभियान चलाने की योजना बना रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
















