उत्तराखण्ड
ओवररेटिंग पर सख्ती: जनपद में मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण, ₹3.05 लाख का जुर्माना वसूला,,
पवनीत सिंह बिंद्रा
नैनीताल जिले में ओवररेटिंग की शिकायतों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को तहसील क्षेत्रों नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल एवं लालकुआं में मदिरा दुकानों का व्यापक औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दलों ने रानीखेत रोड रामनगर, लालकुआं, हल्द्वानी, कालाढूंगी, मंडी तीनपानी बाईपास, मुखानी, जवाहर नगर, भवनीगंज, बैलपड़ाव तथा तल्लीताल आदि क्षेत्रों की देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों में अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक दरों पर शराब बिक्री के साथ अन्य अनियमितताएं पाईं।
आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के तहत कुल ₹3.05 लाख का जुर्माना लगाकर तत्काल सरकारी खजाने में जमा कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी मदिरा विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित MRP पर ही बिक्री सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई होगी।
जनपद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ओवररेटिंग या कोई अनियमितता दिखने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।


















