Connect with us

उत्तराखण्ड

जिलाधिकारी द्वारा कैम्प कार्यालय में परियोजनाओं की समीक्षा,,


हल्द्वानी,,,नैनीताल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को समय पर, तीव्र गति से एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूरे हो जाएं, ताकि जनता को बेहतर संदेश जाए और आम जीवन में व्यवधान कम से कम हो।
गैस पाइपलाइन कार्यों की प्रगति
बैठक में एचपीसीएल द्वारा हल्द्वानी नगर एवं रामनगर में संचालित गैस पाइप लाइन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने एचपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर यूयूएसडीए द्वारा सीवरेज व पेयजल के कार्य चल रहे हैं और शीघ्र ही हॉटमिक्स किया जाना है, वहां पर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य हॉटमिक्स से पहले ही पूरा कर लिया जाए।
निर्णय हुआ कि इसी सप्ताह पीलीकोठी क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य तत्काल पूर्ण किया जाए।
रामनगर क्षेत्र में 20 किमी में से 15 किमी में गैस पाइपलाइन पहले ही बिछ चुकी है, जबकि शेष 5 किमी का कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसके संचालन हेतु ईओ नगर पालिका रामनगर के साथ समन्वय किया जाएगा।
हल्द्वानी में हॉटमिक्स कार्य एवं लक्ष्य
जिलाधिकारी ने हल्द्वानी नगर में यूयूएसडीए द्वारा कराए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं खुदी हुई सड़कों में हॉटमिक्स की प्रगति की जानकारी ली। बताया गया कि 17 किमी के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 12 किमी में हॉटमिक्स कार्य पूर्ण हो पाया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भविष्य में निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा किया जाए।
यूयूएसडीए को अगले 10 दिनों में हल्द्वानी नगर में 17 किमी खुदी हुई सड़कों पर हॉटमिक्स करने का लक्ष्य दिया गया, जिसे शतप्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया गया।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा
जमरानी बांध परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य को तीव्र गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। परियोजनागत अधिकारियों ने बताया कि:
प्रथम टनल (644 मीटर) में 544 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष 100 मीटर पर कार्य गतिमान है।
द्वितीय टनल (600 मीटर) में 590 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष 10 मीटर पर कार्य चल रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पूर्व दोनों टनलों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।
इसके अलावा परियोजना अंतर्गत दो कॉफर डैम (अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम) का निर्माण गतिमान है, जिनके फाउंडेशन का कार्य चल रहा है। साथ ही सिंचाई नहरों का 40.82 किमी में से 17.34 किमी तक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। नहर किनारे विद्युत पोल शिफ्टिंग हेतु यूपीसीएल को धनराशि भुगतान की जा चुकी है।
अतिक्रमण हटाने एवं वृक्षों के संबंध में निर्देश
जिलाधिकारी ने नहर किनारे के अतिक्रमण से संबंधित जानकारी लेते हुए कहा कि संबंधित स्थानों पर अतिक्रमण को क्रमबद्ध तरीके से तुरंत हटाया जाए। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के साथ समन्वय स्थापित कर नहरों के पास से वृक्षों की हटाने का कार्य भी समन्वय से कराया जाए। इससे नहरों की क्षति रोकते हुए वातावरण अनुकूल व्यवस्था बनाए रखने का भी उद्देश्य है।
हल्द्वानी के चौराहों का सौंदर्यीकरण
बैठक में हल्द्वानी शहर के सभी प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि एक माह के भीतर नगर के सभी चौराहों में सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए। इसके लिए लोनिवि एवं यूयूएसडीए के अधिकारियों को उचित निर्देश दिए गए, ताकि शहर की सौंदर्य व सुविधा दोनों बेहतर बन सकें।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी वाजपेई, यूयूएसडीए परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, जमरानी बांध परियोजना के सहायक महाप्रबंधक शाहनवाज अभय पंत तथा अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और परियोजनाओं की प्रगति से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की।

Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page