उत्तराखण्ड
कैंची धाम का ADG द्वारा स्थलीय निरीक्षण: पर्यटन सीजन के लिए सुरक्षा और यातायात पर सख्त निर्देश,,
नैनीताल, 30 मार्च 2026: आगामी पर्यटन सीजन में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने कैंची धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया।
डॉ. मुरुगेशन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीजन शुरू होने से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने प्रभावी व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए कहा कि जाम और असुरक्षा जैसी स्थितियों से बचा जाए।
निरीक्षण के प्रमुख निर्देश
यातायात योजना: व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार कर ‘नो पार्किंग जोन’ चिन्हित करने के आदेश। इससे जाम की स्थिति टाली जा सकेगी।
पार्किंग सुविधाएं: चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश।
शटल सेवा मजबूत: पार्किंग से मंदिर तक शटल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यवस्था। निर्माणाधीन पार्किंग और बाईपास मार्गों का कार्य शीघ्र पूरा कराने पर बल।
सुरक्षा उपाय: मंदिर व आसपास संवेदनशील क्षेत्रों में कड़े इंतजाम, एडवांस सीसीटीवी कैमरे और बेहतर पीए सिस्टम लगाने के निर्देश।
निरीक्षण में डॉ. जगदीश चंद्र (पुलिस अधीक्षक, नैनीताल), रविकांत सेमवाल (सीओ भवाली), प्रकाश सिंह मेहरा (प्रभारी निरीक्षक भवाली), महेश चंद्रा (निरीक्षक यातायात भवाली) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मीडिया सैल, नैनीताल पुलिस
















