उत्तराखण्ड
राजस्व टीम ने मदिरा दुकानों पर ओचक छापेमारी; ओवर रेटिंग व अनियमितताएं पाईं,,
जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई
हल्द्वानी जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मदिरा (अनुज्ञापित) दुकानों पर राजस्व विभाग की टीम ने ओचक छापेमारी अभियान चलाया। बोतलों पर अंकित मूल्य (एमआरपी) से अधिक दाम लेकर मदिरा बेचने की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। राजस्व अधिकारियों ने मौके की जांच के बाद जिलाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट एवं कार्रवाई हेतु संस्तुति प्रस्तुत की।
कालाढूंगी मुख्य बाजार की विदेशी मदिरा दुकान
उपजिलाधिकारी कालाढूंगी विपिन पंत के निर्देशन में बुधवार शाम लगभग 5:00 बजे कालाढूंगी मुख्य बाजार स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर छापेमारी की गई। राजस्व की टीम ने अपनी पहचान छिपाकर वहां रॉयल स्टैग का एक हाफ तथा एक क्वार्टर खरीदा और गूगल पे से भुगतान किया।
बिल के अनुसार, हाफ पर 410 रुपये और क्वार्टर पर 200 रुपये, अर्थात कुल 620 रुपये लिए गए, जो एमआरपी से 10 रुपये अधिक पाए गए। इसके बाद उपजिलाधिकारी विपिन पंत व तहसीलदार सहित राजस्व टीम दुकान पर पहुंची, जहां ग्राहकों से गुप्त रूप से पूछताछ की गई। क्रेता अजय कुमार (निवासी धापला/कालाढूंगी) ने बताया कि उन्हें भी एमआरपी से अधिक दर पर शराब बेची गई है, जिसके बयान रिकॉर्ड में लिए गए।
टीम ने स्टॉक एवं बिक्री पंजिका की जांच की, जिसमें भौतिक स्टॉक और पंजिका में अंतर पाया गया। बिलिंग मशीन चालू हालत में नहीं मिली, जबकि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से पता चला कि अधिकांश ग्राहकों को बिल नहीं दिए जा रहे थे। दुकान के बाहर दर तालिका भी प्रदर्शित नहीं थी। सेल्स मैनेजर पंकज मेहरा ने बताया कि दुकान पर कुल चार कर्मचारी तैनात हैं। उपजिलाधिकारी द्वारा इस संबंध में जिलाधिकारी को कार्रवाई हेतु संस्तुति प्रेषित की गई।
लालकुआं तहसील में चार दुकानों पर निरीक्षण
उपजिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली ने अपने क्षेत्र की चार मदिरा अनुज्ञापित दुकानों पर ओचक निरीक्षण करवाया। राजस्व कर्मियों द्वारा दुकानों से मदिरा की खरीद करवाई गई, जिसमें बोतलों पर अंकित मूल्य से अधिक दाम पाया गया।
जांच के दौरान निम्न दुकानों पर कार्रवाई की गई:
विदेशी मदिरा दुकान – अनुज्ञापी निर्मल उपाध्याय
देशी मदिरा दुकान – हरिश्चंद्र तिवारी
विदेशी मदिरा दुकान – सुरेश सिंह नेगी
देशी मदिरा दुकान – कैलाश चंद्र पंत
इन दुकानों में ओवर रेटिंग के साथ‑साथ बिलिंग मशीन खराब, स्टॉक पंजिका अपूर्ण, बिक्री पंजिका नहीं मिलना, पुलिस सत्यापन अपूर्ण तथा ग्राहकों द्वारा शिकायतें मिलना जैसी अनियमितताएं पाई गईं। उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने जिलाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट भेजकर इन दुकानों के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की है।



















