Connect with us

उत्तराखण्ड

नैनीताल जिले में संस्थागत प्रसव के लिए सघन जागरूकता अभियान


नैनीताल, 11 अप्रैल 2026: जनपद नैनीताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने हेतु सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत के निर्देशों पर विभागीय टीमें संभावित होम डिलीवरी वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर व्यापक जनसंपर्क कर रही हैं।
घर-घर जाकर जागरूकता अभियान: डॉ. पंत ने बताया कि सभी ब्लॉकों में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, आशा कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से होम डिलीवरी वाले क्षेत्रों में आगामी माह प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं व उनके परिजनों को चिह्नित कर संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वीएचएनडी व अन्य स्वास्थ्य दिवसों पर भी गर्भवती महिलाओं व आमजन को प्रेरित किया जा रहा है। टीमें गर्भवती महिलाओं, परिजनों व ग्रामीण प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
निःशुल्क सेवाओं की जानकारी: अभियान में प्रसवकालीन व प्रसवोत्तर निःशुल्क सेवाओं, सुरक्षित प्रसव व्यवस्था व लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक महिलाएं स्वास्थ्य इकाइयों में प्रसव कराएं।
शत-प्रतिशत लक्ष्य: डॉ. पंत ने कहा कि जनपद में 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, कोई शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अपील की कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण कराएं व प्रसव निकटतम स्वास्थ्य इकाई में कराएं, जिससे मां व शिशु सुरक्षित रहें।
रामगढ़ ब्लॉक में निरीक्षण: आज टीम ने रामगढ़ ब्लॉक के बस गांव में वीएचएनडी का निरीक्षण किया व क्षेत्र में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव के लिए जनसंपर्क किया। टीम में डीएस बिष्ट (जिला आईईसी अधिकारी), भावना बिष्ट (एएनएम), सुनीता आर्या (आशा), दया जोशी (आंगनबाड़ी कार्यकर्ती), दीपा कांडपाल, पूनम, पूजा देवी, तुलसी कांडपाल, गायत्री आर्या व किरण शामिल रहीं।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल

Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page