उत्तराखण्ड
घरेलू प्रसव को शून्य करने के लिए सीएमओ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक
हल्द्वानी, 9 अप्रैल 2026: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) जनपद नैनीताल डॉ. हरीश चंद्र पंत की अध्यक्षता में हल्द्वानी ब्लॉक की आशा सुगमकर्ता, एएनएम एवं पीएचएम की बैठक कैम्प शिविर कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद में घर पर प्रसव को पूरी तरह शून्य करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
संस्थागत प्रसव के लिए व्यापक काउंसलिंग अभियान
डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि जिला स्तर के अधिकारी गर्भवती महिलाओं से फोन के माध्यम से संपर्क कर रही हैं तथा घर-घर जाकर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए काउंसलिंग दी जा रही है। संस्थागत प्रसव के तहत उपलब्ध सेवाओं, परिवार कल्याण, जननी सुरक्षा योजना तथा ईजा बोई योजना के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों में आशा एवं एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी की जाए तथा आगामी माहों में घरेलू प्रसव को शून्य करने के लिए युद्धस्तरीय कार्य किया जाए। सीएमओ ने स्वयं गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।
बेल पड़ाव पीएचसी पर विशेष बैठक
इसी क्रम में डॉ. चंद्रा पंत (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. श्वेता भंडारी (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी) ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेल पड़ाव पर एएनएम, आशा सुगमकर्ता, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर के साथ बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य घर पर प्रसव को शून्य करने के लक्ष्य को प्राप्त करना था।
दैनिक संपर्क एवं निगरानी पर सख्त निर्देश
सीएमओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सभी कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं से फोन या वीएचएनडी के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उन्हें आवश्यक सूचना प्रदान करें।
बैठक में प्रमुख उपस्थित
बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव खर्कवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पांडे, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी ब्लॉक राघवेंद्र रावत तथा अर्बन हेल्थ ऑफीसर उपस्थित रहे।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल
















