उत्तराखण्ड
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पीएम मोदी से की शिष्टाचार भेंट,
लोक भवन देहरादून/नई दिल्ली, 08 अप्रैल 2026
नई दिल्ली में आज उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन, स्वयं सहायता समूहों, होम-स्टे तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के प्रति प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता जाहिर की।
भेंट में राज्यपाल ने उत्तराखंड के समग्र विकास, जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों तथा समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने भविष्य के विश्वविद्यालयों पर चर्चा की, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कम्प्यूटिंग और मेटावर्स जैसे उन्नत विषय शामिल हैं।
राज्यपाल ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुभारंभ को लेकर पूरे उत्तराखंड में उत्साह व्याप्त है। सभी इस ऐतिहासिक क्षण की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों पर आधारित पुस्तक “आत्मा के स्वर” भेंट की। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर स्वलिखित पुस्तक “Absolute Intelligence” तथा “प्रज्ञा” भी उन्हें समर्पित की।,


















