उत्तराखण्ड
भावना मेहरा ने संभाला आवास सलाहकार परिषद का उपाध्यक्ष पदभार,,
देहरादून। आवास सलाहकार परिषद की नवनियुक्त उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने बुधवार को सचिवालय पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने उन्हें पदभार सौंपा। कार्यभार संभालते ही भावना मेहरा ने प्रदेश के विकास को गति देने का संकल्प लिया।
‘टीम उत्तराखंड’ की तर्ज पर जनकल्याण को प्राथमिकता
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने ‘टीम उत्तराखंड’ की तर्ज पर कार्य करते हुए जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का वचन दिया। भावना मेहरा ने विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ निभाएंगी। उनका उद्देश्य प्रदेश के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका अदा करना होगा।
जिला विकास प्राधिकरणों में योजनाओं का होगा प्रभावी क्रियान्वयन
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी, ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके। भावना मेहरा ने बताया कि आवास से जुड़े विषयों के साथ-साथ प्रदेश के प्रत्येक जिले में विकास प्राधिकरणों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में योजनाओं की नियमित समीक्षा होगी तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिला विकास प्राधिकरणों में योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
यह नियुक्ति उत्तराखंड में विकास योजनाओं को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


















